- राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
बांसी। गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शिवकुमार तिवारी की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने हत्याकांड में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष रमाकांत पांडेय ने कहा कि शिवकुमार तिवारी की निर्मम हत्या लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने मांग की कि तिवारी परिवार को न्याय दिलाने के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तिवारी परिवार को न्याय नहीं मिला तो संगठन की ओर से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला महामंत्री ईश्वर चंद्र पांडेय, जिला प्रभारी अरुण कुमार त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता अरविंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।