मेडिकल कॉलेज सभागार में हुआ आयुष्मान भव कार्यक्रम के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सभी का दायित्व है कि आयुष्मान भव कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करे। पहले लोगों को मुख्यालय पर इलाज के लिए आना पड़ता था, अब आयुष्मान भव कार्यक्रम के तहत मेडिकल काॅलेज के डाॅक्टर सभी सीएचसी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर मेले में आकर इलाज करेंगे। ये बातें सांसद जगदंबिका पाल ने मेडिकल कॉलेज सभागार में कही। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयुष्मान भव कार्यक्रम के वर्चुअल शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
विधायक विनय वर्मा ने कहा कि आयुष्मान भव कार्यक्रम का शुभारंभ होने से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा। लोगों को स्थानीय स्तर पर अच्छी सुविधा मिलेगी। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि यह कार्यक्रम केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई है। हम लोग इस कार्यक्रम को आम जनमानस तक पहुंचाकर सफल बनाएं, यह हम सभी का दायित्व है। 17 सितंबर से दो अक्तूबर 2023 तक सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा। जिसके महत आयुष्मान आपके द्वार 3.0, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा तथा आयुष्मान ग्राम पंचायत, आयुष्मान नगरीय वार्ड के कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जायेगा। आयुष्मान मेला का आयोजन 17 सितंबर 2023 से समस्त सीएचसी एवं हेल्थ एंडे वेलनेस केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। समस्त उपकेंद्र स्तरीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर आयुष्मान भव मेले का आयोजन प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए एक ग्राम व वार्ड स्तर पर दो अक्टूबर को आयुष्मान सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्राचार्य मेडिकल काॅलेज डाॅ. एके झा, सीएमओ डाॅ. बीके अग्रवाल, एसीएमओ डाॅ. डीके चौधरी, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, डाॅ. समीर सिंह, प्रत्यूष दूबे, लक्ष्मी सिंह और मान बहादुर सिंह उपस्थित थे।
उसका प्रतिनिधि के अनुसार उसका सीएचसी में नगर पंचायत प्रतिनिधि हेमंत कुमार जायसवाल ने आयुष्मान भव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके पटेल, बीपीएम रमेश भास्कर, अभिषेक पांडेय, सपना पांडेय सहित डॉक्टर व अन्य लोग मौजूद थे।