घटना शनिवार दोपहर सर्राफा बाजार की घनी आबादी वाले इलाके की है। बताया गया कि मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शुरुआत में लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। मकान में रखे सामान ने आग को और बढ़ा दिया। इसी बीच इनवर्टर की बैटरी और गैस सिलेंडर के फटने से जोरदार धमाके हुए।
इससे आसपास के लोग सहम गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान पता चला कि मकान की दूसरी मंजिल पर एक लकवाग्रस्त वृद्ध फंसे हुए हैं। आग और धुएं के बीच उन्हें बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी।
फायर और पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उनकी हालत को देखते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घनी आबादी के कारण आग के आसपास के मकानों तक पहुंचने का खतरा लगातार बना रहा।
देखते ही देखते बगल का मकान भी आग की चपेट में आ गया। आग की तेज लपटों और लगातार हो रहे धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए। बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और भीड़ को घटनास्थल से दूर किया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, सीओ शुभेंदु सिंह और कोतवाल मृत्युंजय पाठक मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास के लोगों को भी सतर्क किया।
मौके पर पहुंचे विधायक
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक जय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवार के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी की। आग से मकान में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है।