भनवापुर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के रमवापुर राउत गांव में शनिवार व रविवार की रात मीना (29) का शव संदिग्ध हालात में छत के कुंडे से लटकी मिली।
सूचना पर पहुंचे सीओ डुमरियागंज की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीना के पति की मां के मुताबिक, करीब चार दिनों से पति-पत्नी के बीच तकरार चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के रमवापुर राउत गांव निवासी अमित की शादी इटवा क्षेत्र के पदमपुर गांव निवासी कनिकराम की बेटी मीना (29) के साथ 2010 में हुई थी। 2015 में गवना हुआ था। पति अमित के अनुसार शनिवार को रात का खाना खाकर मीना अपने कमरे में सोने चली गई और पति अमित छत पर बिस्तर डाल कर सोने चला गया।
सुबह करीब सात बजे तक जब मीना (29) का कमरा नहीं खुला तो उसकी छोटी बहन ने किसी तरह खिड़की पर चढ़ कर कमरे में देखा तो वह दंग रह गई।
कमरे में छत के कुंडे से साड़ी का फंदा लगा मीना को लटका देखा। कमरा अंदर से बंद था, मगर बगल के दरवाजे में फाटक के जगह कच्ची ईंट से दीवार बनाई गई थी। उसी दीवार को तोड़ कर कमरे में जाकर पति ने गांव वालों की मदद से महिला को फंदे से नीचे उतारा, तब तक मीना की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस व सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने जांच की।
थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विपिन सिंह राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।