बांसी/सकारपार। धनतेरस को देखते हुए बाजार सजने लगे हैं। इससे बांसी शहर गुलजार हो गया है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी है। सर्राफा बाजार से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
धनतेरस को शुभ दिन मानते हुए लोग इलेक्ट्रॉनिक सामान, नए बर्तन, इलेक्ट्रिक से संबंधित समान, चांदी-सोना, नए वाहन और घरेलू संबंधित सामानों की खरीदारी करने लगे हैं। बाजारों में दीपावली की झलक साफ देखी जा सकती है।
बाजार के सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को रंगीन झालरों, बल्बों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया है। वहीं ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के छूट एवं ऑफर की घोषणाएं भी दुकानदारों की ओर से की जा रही हैं, जिससे लोग अधिक से अधिक खरीदारी करें।
शहर के मुख्य बाजारों में दिन भर लोगों की चहल-पहल बनी रही। बर्तन एवं आभूषणों की दुकानों पर महिलाओं की तो कपड़े की दुकानों पर युवाओं की खास भीड़ देखी गई। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खरीदारी का उत्साह देखने को मिला। वहीं बढ़ती भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। बांसी कस्बा निवासी व्यापारी ने बताया कि इस बार लोग इलेक्ट्रॉनिक सामान में एलइडी टीवी की डिमांड ज्यादा कर रहे हैं।