ज्वेलरी व बाइक शोरूम में लोगों ने कराई एडवांस बुकिंग
दुकानदारों ने ऑफर व स्कीम का खोला पिटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। धनतेरस पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजारों की रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदार ग्राहकों को लुभाने के लिए सारे जतन करने में जुटे हैं। दुकानों को नया लुक देने के साथ ही ग्राहकाें को आकर्षित करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। व्यवसायियों में ऑफर देने की होड़ मची है।
धनतेरस व दीपावली पर्व पर वैसे तो पूरे बाजार की रंगत बदल जाती है। धनतेरस के मौके पर खरीदारी को शुभ मानने की मान्यता है। इस दिन का दुकानदारों को इंतजार रहता है। नए कपड़ों व बर्तनों की दुकानों पर भारी भीड़ होने के साथ सबसे ज्यादा अगर कहीं लोगों की आमद होती है तो वे हैं ज्वेलरी की दुकानें।
धनतेरस पर गाड़ी खरीदने के लिए लोग पहले से बुकिंग करा लेते हैं। शहर के स्वर्ण व्यवसायी रोहन अग्रहरि ने बताया कि उनके यहां धनतेरस के दिन सात सौ चांदी के सिक्कों की एडवांस बुकिंग पहले से हो गई है। इसके अलावा लक्ष्मी-गणेश के मूर्तियों की मांग भी है। अन्य आभूषणों का कारोबार भी अच्छा होने की उम्मीद है।
एक बाइक एजेंसी के मैनेजर अनिल ने बताया कि उनके यहां धनतेरस के दिन बिक्री के लिए 1300 बाइकों की बुकिंग है। उनका लक्ष्य धनतेरस और दीपावली पर्व पर दो हजार गाड़ियाें की बिक्री का है। इसके लिए बाइक की खरीद पर 5500 रुपये की छूट अथवा 5999 रुपये के गिफ्ट की स्कीम है। फाइनेंस पर बाइक की खरीद करने वालों को 30 लीटर पेट्रोल का कूपन दिया जाएगा। एक बाइक शोरूम पर धनतेरस के दिन खरीदारी के लिए 200 बाइकों की बुकिंग है। शोरूम संचालक सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि बाइक की खरीद पर ग्राहकों को गिफ्ट का ऑफर दिया गया है।