सिद्धार्थनगर। पत्रकार ध्रुव यादव को फर्जी मुकदमे में फंसाने का विरोध जनांदोलन बनता जा रहा है। ध्रुव यादव को न्याय दिलाने के लिए शुक्रवार को विभिन्न स्कूलों के बच्चे सड़क पर उतरे। पूरे नगर में शांति मार्च कर ज्ञापन दिया। बच्चों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर ले, जिससे किसी निर्दोष को सजा न मिले।
थरौली स्थित सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल के बच्चे सुबह 11 बजे मार्च लेकर रवाना हुए। हाथों में ध्रुव यादव को न्याय दो स्मामले की निष्पक्ष जांच करो की तख्तियां लिए बच्चे जिला अस्पताल, साड़ी तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां प्रशासन के एक अधिकारी को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बच्चों का कहना था कि सीमाई क्षेत्र की खबरों को निष्पक्षता से जनता के सामने रखने वाले पत्रकार ध्रुव यादव को फर्जी मुकदमे में फंसाने की सूचनाएं लगातार आ रही है। देश का भविष्य होने के नाते हमारा दायित्व है कि ऐसे किसी भी कृत्य का हम विरोध करें। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने को कहा, जिससे घटना की सच्चाई सबको पता चल सके। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उधर, नगर के एक अन्य स्कूल के बच्चों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कराकर मामले में कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अमित कुमार, सोनू प्रजापति, नीलकमल, दीपक अग्रहरि, कृष्णा दुबे, शुभम पाठक, बृजेश कुमार धुरिया, नरेंद्र कुमार, मो. वसीम आदि छात्र शामिल रहे।