खाद की दुकान पर रात एक बजे छापा, सील
टेकनार स्थित उवर्रक की दुकान के बगल मिली 30 बोरी खाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थानाक्षेत्र के भारत-नेपाल बॉर्डर बजहा की ओर से जाने वाले मार्ग स्थित टेकनार चौराहे स्थित एक दुकान से खाद तस्करी की सूचना पर जिला कृषि अधिकारी ने बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे दुकान पर छापा मारा। उवर्रक की दुकान के बगल से 30 बोरी डीएपी और यूरिया खाद बरामद किया गया। मौके पर बुलाकर दुकानदार से इस संबंध में वार्ता की गई तो उसने दुकान के स्टाक के कागजात और खाद के संबंध में जानकारी देने में असमर्थता जताई। इसके बाद रात में ही दुकान को सील कर खाद को पुलिस थाने ले गई।
जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह के मुताबिक लगातार उवर्रक की दुकानों की जांच कर रहे हैं। खाद की तस्करी को रोकने के लिए रात में भी जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार रात उन्हें किसी ने सूचना दी कि चिल्हिया थानाक्षेत्र के नेपाल बॉर्डर बजहा जाने वाले मार्ग पर टेकनार चौराहे के पास एक उवर्रक की दुकान से खाद की तस्करी हो रही है। रात करीब एक बजे छापा मारा गया तो दुकान बंद मिली, लेकिन बगल में 30 बोरी डीएपी और यूरिया पाया गया।
इसके बाद दुकानदार को बुलाया गया तो खाद के संबंध में जानकारी होने से इनकार कर दिया गया। दुकान खोलकर रजिस्टर में स्टाक के मिलान की बात कही गई तो पास में चाबी न होना बताया। संदेह होने पर दुकान को रात में ही सील करपकड़ी गई खाद को चिल्हिया थाने में भिजवा दिया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है, उनके आदेश पर दुकान को खोला जाएगा। स्टाक का मिलान कराया जाएगा। इसमें अगर गड़बड़ी मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।