बांसी (सिद्धार्थनगर)। पत्नी से विवाद के बाद खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले युवक की बृहस्पतिवार देर शाम बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक पिछले पांच दिनों से जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, सोनफेरवा खुर्द निवासी मेहताब ने रविवार रात घरेलू विवाद के बाद खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया था। बृहस्पतिवार देर शाम इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मेहताब ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी, चार वर्षीय पुत्र और एक वर्षीय पुत्री है। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद