- इंटरमीडिएट जीव विज्ञान विषय के प्रवक्ता दे रहे हैं परीक्षा की तैयारी से जुड़ी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा की तिथि घोषित हो गई है। इसके साथ- साथ बच्चों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कई बार परीक्षा में सटीक जानकारी न होने से बच्चे सही से तैयारी नहीं कर पाते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ शिक्षक तैयारी के बारे में टिप्स दे रहे हैं। जो उनके लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जीव विज्ञान के शिक्षकों ने टिप्स साझा किए हैं। साथ ही विषय से जुड़े कई महत्वपूर्ण टॉपिक भी बताए हैं, जिनका अध्ययन करने से अच्छे अंक हासिल किए जा सकते हैं। बढ़नी क्षेत्र के एक इंटर काॅलेज में जीव विज्ञान के प्रवक्ता राम नरेश यादव का कहना है कि जीव विज्ञान में चित्र का ज्यादा महत्व होता है। इसलिए प्रश्न के उत्तर के साथ चित्र अवश्य बनाएं। योजनाबद्ध तरीके से समयसारिणी बनाकर तैयारी करें। जो प्रश्न विशेष लगें, उन्हें काले मार्कर से अंडरलाइन करें और डबल इनवर्टेड कॉमा में लिखें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तैयारी करें। विद्यार्थी पांच साल के बोर्ड के पेपर हल करें। नया पढ़ने की जगह पुराने का अभ्यास करना ज्यादा हितकर है। परीक्षा में घबराएं नहीं, स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। तैयारी के समय में से कुछ समय खेलने और टहलने के लिए भी निकालें। उन्होंने बताया कि चित्र बेहतर सुंदर और अच्छे ढंग से साफ-सुथरा बनाने का प्रयास करें। परीक्षार्थियों को आनुवांशिकी, मेंडल के नियम, म्यूटेशन, क्रोमोसोमल म्यूटेशन, लिंकेज और क्रॉसिंग ओवर, डीएनए, लिंग निर्धारण, जेनेटिक कोड, समजातता और समरूपता में अंतर, हार्डी-वेनबर्ग के सिद्धांत को अच्छे से पढ़ लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि व्यसन, अल्कोहल व ड्रग्स की आदत का मनुष्य और समाज पर प्रभाव, लसिकाणु, एड्स के कारण, लक्षण एवं नियंत्रण, सूक्ष्म जीवों का औद्योगिक उत्पादों में और रासायनिक उर्वरक व कीटनाशकों के उपयोग को कम करने में किस प्रकार उपयोग किए जाता है, कैंसर क्या है, इसके प्रकार, कारण एवं नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर गंभीरता से अध्ययन करें।
-
परीक्षा में इन बिंदुओं पर दें ध्यान
समयसारिणी बनाकर तैयारी करें, जीव विज्ञान में उत्तर लिखने के बाद चित्र जरूर बनाएं, लघु उत्तरीय प्रश्नों को पहले हल करें, लिखकर याद करने का अभ्यास करें। प्रश्नों की संख्या डालें और सुंदर लिखने का प्रयास करें।