अलीगढ़वा के ग्राम भरवलिया में मृतक के घर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के भरवलिया गांव में मंगलवार की सुबह मकतब मदरसे पर बिजली गिरने से चचेरे भाई-बहन समेत तीन की मौत हो गई। इसकी चपेट में आए दो अन्य बच्चे भी बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें अलीगढ़वा के निजी अस्पताल में उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम ने मृतक के परिवार वालों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है। वहीं भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बकौली गांव में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की भी जान चली गई।
भरवलिया गांव स्थित मदरसा आलिया दारुल इस्लाम में मंगलवार की सुबह बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। सुबह करीब आठ बजे तेज आवाज के साथ बिजली मदरसे पर गिरी। दक्षिणी छोर पर स्थित खिड़की को क्षतिग्रस्त करते हुए किनारे बैठे बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
इसमें महबुल्लाह का पुत्र सुहेल (8), सत्तार का पुत्र शहाबुद्दीन (11) व हमीद की पुत्री आफरीन (11) की मौके पर ही मौत हो गई। खिड़की के पास बैठे अब्दुल्ला का पुत्र अब्दुल अहद (5) व मकबूल का पुत्र समीर खान (6) झुलस गए। शहाबुद्दीन व आफरीन चचेरे भाई-बहन हैं।
दोनों कक्षा तीन में थे, जबकि सुहेल कक्षा 2 व अन्य बच्चे पहली कक्षा के छात्र थे। सभी बच्चे भरवलिया गांव के निवासी हैं। आस-पास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। आनन-फानन में घायल बच्चों को अलीगढ़वा कस्बे के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद बच्चों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम योगानंद पांडेय, कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी एसके सरोज, बजहा चौकी इंचार्ज रामअनुज यादव मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों का हाल जानने के बाद एसडीएम ने मृतकों के परिजनों को दैवी आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। आश्वस्त किया कि यह राशि 12 घंटे के अंदर परिजनों को मिल जाएगी।