कष्टों में कटा बाल्यकाल, समाज को समर्पित किया जीवन
बांसी के तिवारीपुर गांव के निवासी थे भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष माधव प्रसाद त्रिपाठी
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी(सिद्धार्थनगर)। जनसंघ और भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष रहे माधव प्रसाद त्रिपाठी का जन्म पांच अगस्त 1912 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन बांसी के तिवारीपुर गांव में हुआ था। पिता स्व. पं. सुरेश्वर प्रसाद त्रिपाठी का निधन जल्द हो जाने से माधव प्रसाद का बाल्यकाल कष्टों में बीता। माता स्व. राजकुमारी देवी की शिक्षाओं की बदौलत उन्होंने पूरा जीवन राष्ट्र व समाज को समर्पित कर दिया। वे संघ के प्रचारक भी रहे।
लोगों में माधव बाबू के नाम से विख्यात भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष विद्यार्थी जीवन में अध्ययनशील, अनुशासनबद्ध, विनम्र स्वभाव के थे। उन्हें वैवाहिक जीवन में तनिक भी रूचि नहीं थी। ऐसे में उन्होंने अपने परिवार से स्पष्ट रूप से कह दिया था कि ‘जो कोई हमारे शादी के लिए आए तो उनसे हाथ जोड़ लीजिएगा’।
वे पेशे से वकील थे, वकालत से ही राजनीतिक जीवन में आए। नाना जी देशमुख तत्कालीन जनसंघ के प्रखर नेता थे, बस्ती जिले मे उनका कई बार कार्यक्रम हुआ था, उनसे प्रभावित होकर माधव बाबू संघ से जुड़े और बाद में जनसंघ व भाजपा में पहुंचे।
सर्वप्रथम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और बाद मे जनसंघ की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के अतिरिक्त अन्य दलों में भी उनका मान सम्मान कम नहीं था। इनकी मृत्यु भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के ही दिन 19 अगस्त 1984 को हुई।
तिवारीपुर गांव में बंटी मिठाइयां, खिले लोगों के चेहरे
सीएम ने रविवार को मेडिकल कॉलेज का नाम माधव बाबू के नाम करने की घोषणा की तो बांसी क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव में तिवारीपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि सीएम ने कॉलेज के उद्घाटन के दौरान ही माधव बाबू के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही थी, लेकिन उनका नाम दस्तावेजों में नहीं था।
रविवार दोपहर 12.30 बजे किसी ने गांव में सूचना कॉलेज का नाम माधव बाबू के नाम से किए जाने की सूचना दी प्रधान कुसुमलता के घर गांव लोग जुट गए। उन्होंने खुशी जाहिर कर मिठाइयां बांटी।
माधव बाबू के परिवार से जुड़े डॉक्टर सुभाष चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने जा रहा है। यह तो खुशी की बात है, नामकरण माधव बाबू के नाम से होना हम सब के लिए गर्व की बात है। सर्वेंद्र कुमार त्रिपाठी बोले, माधव बाबू के नाम से बनकर तैयार मेडिकल कालेज के उद्घाटन की खबर सुन काफी प्रसन्न हूं। ग्राम प्रधान कुसुम लता का कहना है कि तिवारीपुर गांव मे जन्मे माधव बाबू तिवारीपुर, बांसी ही नही पूरे उत्तर प्रदेश के गौरव थे। आज की राजनीति में परिवारवाद की चिंता है, लेकिन माधवू बाबू ने विरासत में अपने परिवार के लोगों को कुछ नहीं दिया, क्योंकि उनके लिए समाज और राष्ट्र महत्वपूर्ण था।