आपत्तिजनक हाल में मिले अधेड़ प्रेमी, पोल से बांधकर पीटा
चिल्हिया थाना क्षेत्र का मामला, महिला के घरवालों ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
चिल्हिया। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक अधेड़ प्रेमी आपत्तिजनक हाल में मिले। इसके बाद परिजन व ग्रामीणों ने दोनों की पोल में बांधकर पिटाई की। महिला के बाल भी काट दिए और गांव में घुमाया भी। इस मामले में महिला के घरवालों ने पल्टादेवी चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में वीडियो भी वायरल हो रहा है।
क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक अधेड़ व्यक्ति और एक महिला को आपत्तिजनक हालत में घरवालों ने पकड़ लिया। शोर मचाने पर वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद दोनों को खंभे में बांधकर पिटाई की गई। साथ ही महिला के बाल काट दिए गए और गांव में घुमाया गया। इस घटना को किसी ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी दिनों से संबंध था। शुक्रवार की रात आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया तो पूरे गांव में शोर मच गया। गांववालों का कहना था कि दोनों के इस हरकत से गांव का माहौल खराब हो रहा है। पल्टा देवी चौकी प्रभारी शभाशंकर यादव ने बताया तहरीर मिल गई है। मामले की जांच करके उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।