बिस्कोहर। गणपति बप्पा मोरया के जय घोष के बीच नगर पंचायत बिस्कोहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को ही गणेश चतुर्थी पर्व का उल्लास दिखने लगा। एक तरफ जहां मूर्तिकारों ने भगवान गणेश की मूर्तियों को तैयार कर लिया, वहीं बिस्कोहर कस्बे से ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह पूजा पंडालों की स्थापना मंगलवार सुबह से प्रारंभ हो गई।
27 अगस्त को विधिविधान से मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की मूर्ति पूजा पंडालों में स्थापित कर पूजन-अर्चन व दर्शन के लिए पंडालों के पट खोल दिए जाएंगे। पर्व को लेकर चहुंओर उल्लास का माहौल दिखा। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच पूजा पंडालों की स्थापना का कार्य जहां मंगलवार सुबह से प्रारंभ हो गया, वहीं भगवान गणेश की मूर्तियों को भी मूर्तिकारों ने तैयार कर लिया।
बिस्कोहर- इटवा मार्ग पर अशोक नगर में मूर्ति बनाने वाले रोबी पाल व संजय पाल ने कहा कि तीन हजार से आठ हजार रुपये तक की मूर्तियां तैयार की गई हैं। कुल 26 मूर्तियों की बुकिंग हुई है। मंगलवार सुबह से ही संबंधित पूजा पंडालों की ओर से मूर्ति ले जाने का कार्य भी प्रारंभ हो गया।