ढेबरुआ। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनौरा बुजुर्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने ताला तोड़कर मिड-डे मील के लिए रखा करीब डेढ़ क्विंटल राशन चोरी कर लिया। इसके साथ ही विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई के लिए लगे साउंड सिस्टम के स्पीकर भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार चोर रात के अंधेरे में विद्यालय का ताला तोड़कर परिसर में घुस गए। उन्होंने रसोईघर में रखा मिड-डे मील का करीब डेढ़ क्विंटल राशन चुरा ले गए। बुधवार सुबह विद्यालय पहुंचे शिक्षकों ने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा। अंदर जाकर जांच करने पर राशन गायब मिला और साउंड सिस्टम के स्पीकर क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़े थे। इसके बाद तत्काल डायल-112 और बढ़नी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
प्रधानाध्यापक रामप्रीत यादव ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।