पथरा। पथरा पुलिस ने साइबर ठगी की शिकार एक महिला के खाते से निकाले गए 30 हजार रुपये वापस कराकर उसे राहत दिलाई। बुधवार को महिला को थाने बुलाकर धनराशि खाते में वापस होने की जानकारी दी गई। रुपये वापस मिलने पर महिला ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थाना क्षेत्र के ग्राम अजगरा निवासी शांति देवी ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 मई को अज्ञात साइबर ठगों ने एईपीएस (आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम) के माध्यम से उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पथरा थाने की साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक के समन्वय से कार्रवाई शुरू की। लगातार प्रयास के बाद ठगी गई पूरी 30 हजार रुपये की धनराशि बुधवार को शांति देवी के खाते में वापस करा दी गई।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।