जिले में तीन दिन की लॉकडाउन की जानकारी देते जिलाधिकारी दीपक मीणा, पुलिस अधीक्षक विजय ढुल
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
आज से जिला लॉकडाउन, तीन दिन तक नहीं निकलें बाहर
केवल आवश्यक सेवाओं से संबंधित संस्थान ही खुलेंगे
सब्जी, राशन घर तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा प्रशासन, डीएम ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थ नगर। कोरोना वायरस संक्रमण चेन की रोकथाम करने के उद्देश्य से जिले में आज से तीन दिन का लॉक डाउन रहेगा। इस दौरान केवल जरूरी सेवाओं से संबंधित संस्थान ही खुलेंगे। लोग घरों से बाहर न निकलें इसलिए सब्जी, राशन, दवा आदि आवश्यक वस्तुएं उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की जा रही है। इस संबंध में दवा विक्रेता संघ, जिला व्यापार मंडल आदि के पदाधिकारियों से बात की जा रही है। डीएम दीपक मीणा ने यह जानकारी पत्रकारों को दी।
जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से रूबरू हुए डीएम दीपक मीणा ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए देश, विदेश से जिले में लौटने वालों को चिह्नित कर उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। जिले में आज तक एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर पिछले एक माह में उतरे जिले के 89 लोगों को चिह्नित कर मोहर लगाने के साथ क्वारंटीन किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पिछले एक माह में लौटे लोगों को ग्राम प्रधान, सभासद, जन प्रतिनिधि और प्रशासन के चिह्नित कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है, जरूरत पड़ने पर उन्हें घर में ही क्वारंटीन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में आइसोलेशन और क्वारंटीन वार्ड बनाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर धर्मशाला, निजी अस्पताल आदि जगहों को इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि बहुत ही जरूरी होने पर घर से निकलें। केवल एक व्यक्ति ही निकले और सबसे निश्चित दूरी बना कर रहें। कोरोना वायरस से बचाव ही इसके संक्रमण से बचने का एकमात्र उपाय है। किसी प्रकार की समस्या होने पर कंट्रोल नंबर 222716 पर संपर्क किया जा सकता है।