- छह से 18 किलोमीटर गति से तेज सतही हवा चलने की संभावना
पडरौना। एक सप्ताह से आसमान में उमड़ रहे बादल अगले तीन दिनों तक बरस सकते हैं। मौसम विभाग ने 15 से 17 मार्च तक जिले में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए राई, सरसों और मटर की कटाई व मड़ाई का कार्य फिलहाल स्थगित कर देना चाहिए।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर शाम भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से आने वाले पांच दिनों के लिए जिले के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमान अवधि में मौसम का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान सुबह के समय मौसम का सापेक्षिक आर्द्रता 78 से 92 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 43 से 50 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान अवधि में 6 से 18 किलो मीटर प्रतिघंटा की गति से तेज सतही पुरवा हवा चलने की संभावना है। 15 से 17 मार्च के बीच जिले के कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। उन्होंने बताया कि मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए किसान सरसो, राई और मटर आदि की कटाई व मड़ाई और गन्ना व गेहूं की सिंचाई के कार्य को फिलहाल स्थगित रखें। वहीं कटाई की गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रख लें।