सदर तहसील में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते लेखपाल।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। लेखपाल संघ ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को चौथे दिन भी काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया। नाराज लेखपालों ने कहा कि वेतन विसंगति दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर चल रहा विरोध 22 अगस्त तक चलेगा, अगर मांगें नहीं पूरी की गई तो 23 अगस्त से पूर्ण रूप से कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकरन गुप्ता ने कहा कि सरकार लेखपालों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। लेखपालों पर हो रहा शोषण अधिक दिनों तक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति को जल्द दूर किया जाए। लेखपालों का पद बदलकर उप राजस्व निरीक्षक किया जाए। स्थानांतरण निति में बदलाव किया जाए। पुरानी योजना को बहाल किया जाए, 2005 के बाद नियुक्त किए गए लेखपालों को पेंशन का लाभ दिया जाए। पांच लेखपालों पर एक राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति की जाए।
उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर 17 से 22 अगस्त तक काली पट्टी बांधकर विरोध जारी रहेगा। अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो 23 अगस्त से पूर्ण से कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान तहसील अध्यक्ष कृष्णभूषण दूबे, दिनेश गौड़, रामसमुझ, देवानंद, गणेश तिवारी, अरविंद चौबे, अरुण श्रीवास्तव, विनय पांडेय, संजय कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।