एसडीएम व तहसीलदार के स्थानांतरण सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों को धरना बुधवार को भी जारी रहा। हड़ताल के चलते तहसील में राजस्व संबंधी कार्य पूरी तरह ठप रहे। लेखपालों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
धरने को संबोधित करते हुए लेखपाल संघ तहसील इकाई के अध्यक्ष हरिश्चंद्र ने कहा कि बांसी तहसील में तैनात एसडीएम व तहसीलदार कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। इससे राज्य कर्मचारी पूरी तरह क्षुब्ध हैं। दोनों अफसरों का स्थानांतरण जनहित और कर्मचारी हित में आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त लेखपालों के भविष्य को देखते हुए उनका प्रशिक्षण विषयवार पूरा कराया जाए और प्रशिक्षण के अलावा अन्य किसी कार्य का बोझ उन पर लादकर लेखपाल का उत्पीड़न न किया जाए। अन्य क्षेत्रों का प्रभार लेने के बाद भी लेखपालों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने को सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, राम अजोर चौधरी, इफ्तेखार अहमद, कमलेश मिश्र, प्रभात कुमार तिवारी, बैजनाथ, श्यामनाथ, ओम शंकर लाल, अशोक कुमार, अरुण कुमार, शमशेर बहादुर, गिरीश श्रीवास्तव, फारूक अहमद, अनिल कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।