सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील के क्षेत्र में कार्यरत लेखपाल का खतौनी में नाम संशोधन करने के लिए रुपये मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में संबंधित लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। नायाब तहसीलदार गौरव कुमार की रिपोर्ट पर एसडीएम प्रदीप कुमार यादव ने लेखपाल पिन्टू पासवान को निलंबित कर दिया है।
एसडीएम प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के ऑडियो में हल्का लेखपाल पिन्टू पासवान क्षेत्र एक गांव के किसान से अपने आवास पर खतौनी में नाम संशोधन करने के लिए रुपयों की मांग की थी। किसी ने उसी समय वीडियो रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर भी डाल दिया था। इस मामले को संज्ञान में लेकर मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी गई थी। जांच में मामला सही पाया गया। वायरल वीडियो के ऑडियो में स्पष्ट सुनाई दे रहा कि लेखपाल किसान से 10 हजार रुपये खतौनी में नाम संशोधन के लिए मांग रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल पिन्टू पासवान को निलंबित कर दिया गया है।
-
पट्टा बाबू पर नहीं हुई कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील में कार्यरत पट्टा बाबू का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। व्यक्ति उनके ऑफिस में उन्हें रुपये देते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद उच्चाधिकारियों ने उन पर कार्रवाई नहीं की है। जून माह में शोहरतगढ़ तहसील में पट्टा बाबू को एक व्यक्ति तालाब का पट्टा स्वीकृति करने के लिए रुपये दे रहा था, उसी समय किसी ने इस घटना को रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि व्यक्ति जब पट्टा बाबू को रुपये दे रहा है तो उन्होंने रुपयों को काउंटर में रखने का इशारा किया था। व्यक्ति काउंटर के बॉक्स में पैसा को रख देता है। मामले जांच के निवर्तमान एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव ने जांच करने के आदेश दिया था। लेकिन अभी तक पट्टा बाबू की पैसा लेते हुए वीडियो की जांच नहीं हो पाई। इस मामले प्रदीप कुमार ने बताया कि उनकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी गई है। आदेश मिलने कार्रवाई की जाएगी।