- प्रभावित किसानों और भूमि मालिकों को दावा प्रस्तुत करने के लिए 12 मार्च 2026 को सुबह कलक्ट्रेट बुलाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पूर्व रेलवे गोरखपुर की ओर से सिद्धार्थनगर में खलीलाबाद-बहराइच नई रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के लिए प्रस्तावित भू-अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी गई है। भारत के राजपत्र में प्रकाशित नोटिस के अनुसार तहसील डुमरियागंज के ग्राम कादिराबाद, फतेहमलिकचक, चकचई, असाधरपुर, तेन्दुहार, धनखरपुर, जूडीकुईयां, भानपुर मस्जिदिया, भानपुर रानी, खानतारा, पुरैना, श्यामपुर, पिकौरा, अहिरौला और गहिरौला की भूमि इस परियोजना की जद में आएंगी।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं सक्षम प्राधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि रेल अधिनियम 1989 की धारा-20ई के तहत यह अधिसूचना 30 जनवरी 2026 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित हुई थी। अधिकारियों ने प्रभावित भूमि मालिकों को सूचित किया है कि वे 12 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट, सिद्धार्थनगर स्थित सक्षम प्राधिकारी (भूमि अध्याप्ति) के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना क्लेम (दावा) प्रस्तुत कर सकते हैं। खलीलाबाद से बहराइच तक 240 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने के कार्य को अक्टूबर 2018 में मंजूरी मिली थी। इस परियोजना के लिए 4,940 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और वर्ष 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई रेल लाइन परियोजना को दो फेज में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में खलीलाबाद से बांसी तक का कार्य और दूसरे चरण में बांसी से बहराइच तक का कार्य होगा। पहले फेज के लिए खलीलाबाद से बांसी के बीच रेल लाइन बिछाने और स्टेशन निर्माण के लिए आवश्यक 263 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है। पूरी परियोजना के लिए कुल 1,174 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। पहले फेज में खेसरहा व बांसी के बीच मिट्टी पटाई कार्य लगभग पूरा होने के कगार पर है।