सिद्धार्थनगर। उसका थाना क्षेत्र उसका के लक्षनपुर गांव स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार की देर रात मजदूरी के विवाद में हुई मारपीट की घटना में घायल 35 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार सुबह मेडिकल काॅलेज में मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर साथ में काम करने वाले चार लोगों पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक और आरोपी सभी मध्यप्रदेश रहने वाले हैं और यहां पर आकर दिहाड़ी मजदूरी करते थे।
राजेश कुमार रैकवार (35) मध्य प्रदेश के जीवागढ़ जिले का निवासी है। जानकारी के अनुसार राजेश रैकवार अपनी पत्नी कोमल रैकवार के साथ लक्षनपुर में हर घर जल योजना में पाइप बिछाने का काम करता था। साथ ही वह अन्य मजदूरों के मेठ थे। इसी काम को करने के लिए वह अपने गांव से सुरेंद्र, रघुबीर, बबलू और रमादेवी को साथ लेकर आए थे। सभी लोग लक्षनपुर के पंचायत भवन में रहते थे। शुक्रवार की रात मजदूरी को लेकर साथ के लोगों से विवाद हो गया जो मारपीट में बदल गया। इसमें राजेश रैकवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इन्हें इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॅालेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस संबंध में एसओ दिनेश कुमार सरोज ने बताया कि राजेश रैकवार की पत्नी कोमल रैकवार ने साथ रह रहे सुरेंद्र, रघुवीर व इनके पिता बबलू, माता रमादेवी के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।