इटवा। मिश्रौलिया के मिठौवा गांव में रविवार को टेंट निकालते समय लोहे की पाइप हाई वोल्टेज बिजली के तार से छूने से मजदूर की मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है।
क्षेत्र के मिठौवा निवासी भारत (60) निवासी मिठौवा गांव में ही रहकर टेंट की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के यहां कार्य करता था। दुकानदार के यहां काम न होने पर वह अन्य लोगों के यहां मेहनत मजदूरी कर लिया करता था। उसका पूरा परिवार उसी की मेहनत मजदूरी पर निर्भर था। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह 9 बजे रोजाना की तरह भारत गांव में ही लगे टेंट को खोलने गया था। टेंट के ऊपर विद्युत आपूर्ति के लिए 11 हजार वोल्टेज की लाइन गई हुई थी। टेंट खोलते समय लोहे की पाइप का एक सिरा विद्युत तार से छू गया। जिससे उसमें उसमें करंट उतर गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते और बचाने की कोशिश करते उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीण जुट गए। मृतक के पुत्र राकेश ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की।