सिद्धार्थनगर। फिल्म पद्मावत को लेकर जिले में विरोध उग्र होता जा रहा है। मंगलवार को क्षत्रिय महासभा ने जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के सामने फिल्म के निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली और नायिका दीपिका पादुकोण का पुतला फूंका। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए प्रदेश में फिल्म के प्रसारण पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई।
मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष माधव सिंह व युवा इकाई के जिलाध्यक्ष फतेह बहादुर सिंह के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में जिले के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि फिल्म पद्मावत के माध्यम से हिंदू धर्म संस्कृति व राजपुताना इतिहास के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है। अगर फिल्म रिलीज हुई तो सामाजिक समरसता पर बुरा असर पड़ेगा। सिर्फ नाम बदलने से इतिहास ठीक नहीं होगा। इस फिल्म को जिले के सिनेमाघरों में किसी भी हाल में प्रसारित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए क्षत्रिय महासभा हर कीमत चुकाने को तैयार है। वक्ताओं ने 25 जनवरी को भारत बंद को सफल बनाने का भी आह्वान किया।
प्रदर्शन में अविनाश सिंह, आशुतोष सिंह, सुधीर सिंह, शैलू सिंह, विकास सिंह, जितेंद्र सिंह, तेज बहादुर सिंह, विजय पांडेय, चंदन सिंह, कंचन सिंह, जगदंबा सिंह, टाइगर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रजवंत सिंह, शत्रुघ्न चौधरी, विनीत सिंह, पंडित सिंह, लालजी त्रिपाठी, पप्पू सिंह, राजू सिंह, शिवाकांत पांडेय, वाईके द्विवेदी, भूपेंद्र सिंह बघेल, अनिल सिंह, संभ्रांत सिंह, हर्षित सिंह और सूरज सिंह आदि शामिल रहे।