लोटन। मोहाना थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव के कोटेदार हीरालाल मद्धेशिया से मारपीट और रजिस्टर फाड़ देने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के छह लोगों ने गल्ला वितरण करने के दौरान रजिस्टर फाड़ व मारपीट की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हीरालाल मद्धेशिया के अनुसार सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर कुछ दिन पहले ग्रामीणों को बांटने के लिए गल्ला आया था। दस बजे से नियमानुसार गल्ला वितरण कर रहे थे कि उसी दौरान उनके कुछ पुराने विरोधी आ धमके और किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई। जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। विवाद के दौरान विपक्षियों द्वारा मेज पर रखे रजिस्टर को फ़ाड़ दिए और ई- पॉस मशीन को भी फेंक दिया गया।
विवाद बढ़ते देख कोटेदार ने गल्ला व अपने हिफाजत के लिए डायल- 112 पर फोन कर दिया। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच कर बीच बचाव किया और दोनों पक्षों को थाने ले गई। हीरालाल ने थाने पर तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहाना जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।