डुमरियागंज तहसील स्थित खतौनी काउंटर के कंप्यूटर कक्ष में बिजली सप्लाई की नहीं है कोई वैकल्पिक व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तहसील परिसर स्थित कंप्यूटर कक्ष के खतौनी काउंटर पर बिजली सप्लाई नहीं होने पर लोगों को खेत खलिहान आदि भूमि की खतौनी नहीं मिल पा रही है। वहां पर लगा जेनरेटर खराब पड़ा है, पूरा सिस्टम बिजली सप्लाई पर ही निर्भर है। साथ ही खतौनी निकालने का समय भी दोपहर दो बजे तक ही निर्धारित होने से दूर दराज से आने वाले किसानों को निराशा हाथ लग रही है।
जमीन का बैनामा, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न आवेदनों में खौतनी का मान्य होता है। इससे लोग धूप और लू के थपेड़ों में घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। इस बीच बिजली गुल हो गई तो खतौनी निकालने की प्रक्रिया बंद हो जा रही है। लंबी दूरी से आने वाले लोगों को खाली हाथ ही लौटना पड़ता है। बृहस्पतिवार को अपनी जमीन की खतौनी निकलवाने आए विश्वनाथ, सुन्नन, द्वारिका, राजेंद्र, हामिद, कनिक राम ने बताया कि वे लोग सुबह 10:30 बजे ही तहसील में आ गए थे, लेकिन बिजली सप्लाई न होने से उन्हें दो घंटा इंतजार करना पड़ा। किसानों ने बताया कि कंप्यूटर कक्ष से खतौनी निकालने का समय सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ही निर्धारित है। ऐसे में दो बजे के बाद आने वाले लोगों को मायूस होना पड़ता है।
खतौनी निकालने का समय राजस्व विभाग की पोर्टल से ही निर्धारित किया गया है। जेनरेटर को सही करवाने के निर्देश दिए गए हैं, जल्द ही उसे प्रयोग में लाया जाएगा।
-महबूब आलम, नायब तहसीलदार