बेटा-बेटी में भेदभाव न करें : स्वामी प्रसाद मौर्य
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का शुभारंभ करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। बेटा-बेटी में भेदभाव करना दोहरे चरित्र का परिचायक है। ऐसे सभी मां-बाप को नारी शक्ति का सम्मान करने की हर संभव कोशिश करनी चाहिए। बेटियों के सम्मान व समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री भी गंभीर हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का शुभारंभ अहम कड़ी है। ये बातें प्रदेश के श्रम, सेवायोजन व समन्वय विकास के मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहीं। वह शुक्रवार को मुख्यालय पर लोहिया कला भवन में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नवरात्र में नौ देवियों की पूजा करते हैं, पर बेटी के जन्म होने की जानकारी होते ही भ्रूण हत्या करने का ताना-बाना शुरू कर देते हैं। घर में पत्नी, मां, बहन व बेटियों का उत्पीड़न करने से भी नहीं चूकते हैं। ऐसे दोहरे चरित्र से बचना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ के नारे को बढ़ावा दे रहे हैं। पीएम की मंशा को आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी आदित्य नाथ ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना लागू की है। इससे निश्चय ही बेटियों का सम्मान बढ़ेगा और समृद्धि में भी वृद्धि होगी। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि सूबे में पहली बार बेटियों, महिलाओं के सम्मान को लेकर मोदी-योगी की सरकार ने ठोस पहल करते हुए कई अहम योजनाएं लागू की। उन्होंने पूर्ववर्ती अखिलेश व मायावती सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि मायावती महिला होने के बाद भी कोई पहल नहीं की। कार्यक्रम को सदर विधायक श्यामधनी राही व शोहरतगढ़ के विधायक चौधरी अमर सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। डीएम दीपक मीणा ने कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए अतिथियों के प्रति आभार जताया। संचालन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने किया। इस मौके पर एसपी विजय ढुल, सीडीओ हर्षिता माथुर, सीएमओ डॉ. सीमा राय, पीडी संत कुमार, डीडीओ राजेन्द्र प्रसाद, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, डीडी कृषि एलबी यादव, डीआईओएस अवधेश नारायन मौर्य आदि मौजूद रहे।
मंत्री के हाथों लाभार्थियों को मिला चेक
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत जनपद में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के हाथों जिन लाभार्थियों को चेक प्रदान किया गया, उनमें लेदवा की आशा, अंशिका गोस्वामी, मेचुका की अंशिका, सुलतानपुर की नुजहत, मझौवा की ईशु, अनुष्का, बनकटा की अंकिता, नौवैना की साक्षी, गोनहाताल की रुक्मिणी व खुशी, जमलाजोत की अनीता, पचहर की हर्षिता श्रीवास्तव शामिल थी। इन सभी के चेक का भुगतान उनके बैंक खाते में सीधे होगा।
टॉपटेन में जनपद शामिल
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में पंजीकरण के मामले में सर्वाधिक 8860 पात्रों का पंजीकरण जनपद प्रदेश के टॉपटेन जिले में शामिल होने की दिशा में सफलता हासिल की है। जबकि ऑनलाइन अपलोड आवेदनों की संख्या 3359 है। इसमें प्रथम श्रेणी के 389, द्वितीय श्रेणी के 648, तृतीय श्रेणी के 1525, चतुर्थ श्रेणी के 411, पंचम श्रेणी के 363, षष्ठम श्रेणी के 23 पात्र शमिल हैं। इस उपलब्धि की प्रभारी मंत्री, सांसद ने तारीफ की। सभी ने अधिकाधिक लाभार्थियों को लाभान्वित करने की अपेक्षा की।
ब्लॉक सभागार में भी आयोजन
बर्डपुर। बर्डपुर ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को एक बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी परियोजना मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में कहा गया कि पात्र लाभार्थियों को हरहाल में योजना का लाभ मिलना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये बातें सीडीपीओ संजय सिंह ने कहीं। उन्होंने ब्लॉक के आंगनबाड़ी वर्करों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामों में पात्र लोगों के आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।