नौगढ़ तहसील परिसर में बने मंच पर बच्चों ने वंदे मातरम के थीम सांग पर आकर्षक नृत्य पेश किया। इसके नाचूं सारी रात... की धुन पर बच्चों के साथ पूरा पंडाल झूमने लगा।
राधा-कृष्ण के प्रेम प्रसंग पर आधारित डांडिया झूम-झूम नाचे... पर भी बच्चों ने खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने राष्ट्रीय एकता, लोक कला पर आधारित प्रस्तुतियां दी। लोकगीत और लोकनृत्य पर प्रतियोगिता में भी बच्चों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
शाम 4 बजे से शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देर शाम तक जारी रहा। इससे पहले मंगलवार की रात उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र इलाहाबाद की ओर से रागिनी चन्द्रा की टीम ने भोजपुरी, अवधी और पारंपरिक लोकगीतों से माहौल को रसमय बनाए रखा।
महोत्सव के दूसरे दिन तहसील परिसर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर जुटकर ग्रामीण जानकारी जुटाने में मशगूल रहे। पुलिस विभाग के स्टॉल पर असलहों का प्रदर्शन आकर्षण का केन्द्र रहा। शिक्षा विभाग ने अपने स्टॉल के माध्यम से मूक-बधिर व दृष्टि बाधित बच्चों को उपकरणों की मदद से मुख्य धारा में लाने की थीम पर आधारित स्टॉल भी सराहा गया।
समारोह में प्रेस क्लब ने विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, जिलाधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार, एसपी अजय कुमार साहनी, सीडीओ अखिलेश तिवारी सहित नजीर मलिक, सत्यप्रकाश गुप्ता, बीपी त्रिपाठी, रत्नेश शुक्ला, जितेन्द्र, सलमान आमिर, परवेज, एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा, डॉ. फौजिया शाहिन तमन्ना आदि को प्रशस्ति पत्र व शाल भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, इरशाद सिद्दीकी, धर्मवीर गुप्ता, मंजेश पांडेय, प्रदीप वर्मा, विपिन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।