टिकाऊ होने के कारण स्वदेशी झालरों की हो रही अधिक मांग
सुविधा के लिए लोग अभी से कर रहे खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। दिवाली करीब है। इसको लेकर लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोग घरों में साफ-सफाई के साथ ही खरीदारी में भी जुट गए हैं। बाजार देसी व चाइनीज झालरों से सजे हुए हैं। कुछ ग्राहक स्वदेशी झालरों की खरीदारी कर रहे हैं तो कुछ सस्ता होने के चलते चाइनीज झालरों को खरीद रहे हैं।
दीपावली के लिए दुकानें रंग-बिरंगी लाइटों से सज गई हैं। दीपावली पर पूरा शहर आकर्षक लाइटों से जगमगाता है। हर घर में सजावट होती है। झालरों की बिक्री के बीच बाहर से माल आने का सिलसिला जारी है। भीड़-भाड़ से बचने के लिए लोगों ने अभी से खरीदारी शुरू कर दी है। कुछ ग्राहक जहां टिकाऊ होने की वजह से स्वदेशी झालरों को अधिक तवज्जो दे रहे हैं, वहीं, सस्ता होने के कारण चाइनीज झालरों की ओर भी लोग आकर्षित हो रहे हैं।
व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद
झालर के थोक विक्रेता संजय ने बताया कि इस बार बाजार में खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। पिछले साल बाजार में सिर्फ स्वदेशी झालरों का कब्जा था। इस साल फिर से चाइना की झालर बाजार में हावी है। कंपनियों ने लोगों के बजट को देखते हुए अलग-अलग कीमतों की झालरें बाजार में उतारी हैं। ओरिएंट, सूर्या जैसी बड़ी कंपनियों ने अच्छी क्वालिटी में विभिन्न प्रकार की झालरों को बाजार में उतारा है। कई ऐसे ग्राहक हैं जो दीपावली में हर बार झालर खरीदते हैं। उनका झुकाव सस्ते की ओर अधिक रहता है।
कानपुर व कोलकाता से आ रहीं स्वदेशी झालर
झालर विक्रेता दिनेश कसौधन ने बताया कि इस बाजार में स्वदेशी झालर की भी लोग काफी मांग कर रहे हैं। ये झालरें कानपुर व कोलकाता से आती हैं। कानपुर से इंडियन नाम से आने वाली स्वदेशी झालर काफी मशहूर है। यह आठ एमएम के बड़े दाने में बाजार में उपलब्ध है। इसके अलावा दीया, विभिन्न प्रकार के कैंडल, स्टेप वाले दीयों की आपूर्ति कोलकाता से हो रही है। इस तरह के ज्यादातर उत्पाद दिल्ली व मुंबई से आते हैं और महंगे भी होते हैं। अभी खरीदारी थोड़ी धीमी है। दीपावली नजदीक आते ही खरीदारी तेज होने की उम्मीद है।
झालरों की कीमत
10 मीटर वाली झालर 90 रुपये (प्रति पीस) मल्टी पिक्सेल झालर 80 से 410 रुपये (प्रति पीस) डायमंड पिक्सेल 70 से 380 रुपये प्रति पीस (10 से 60 मीटर) कानपुर की इंडियन झालर 65 से 95 रुपये प्रति पीस (10 मीटर)