विकास भवन सभागार में हुई बैठक में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। इंसेफलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण व रोकथाम विषय पर सोमवार को विकास भवन सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में इंसेफलाइटिस पर नियंत्रण के लिए जनजागरूकता लाने पर जोर दिया गया। गांव-गांव रैली निकालने और गोष्ठियों के आयोजन की रूपरेखा बनाते हुए अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी तय की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय ने कहा कि 27 जुलाई को जिले के सभी गांवों में बेसिक शिक्षा विभाग के माध्यम से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। जनपद स्तर पर तहसील मुख्यालय से सुबह 10 बजे बच्चों की रैली निकलेगी, जो लोहिया कला भवन जाकर समाप्त होगी।
रैली में कक्षा 6 से ऊपर के बच्चों को शामिल किया जाएगा। जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारी इस रैली में मौजूद रहेंगे। साथ ही 27 व 30 जुलाई को चौपाल कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। चौपाल के माध्यम से लोगों को जेई से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। चौपाल में ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी, आशा, एएनएम व प्रधानाध्यापक जेई के बचाव से जुड़ी जानकारियां देंगे।
सीडीओ अखिलेश तिवारी ने कहा कि बस्ती मंडल में सिद्धार्थनगर जनपद में इंसेफलाइटिस की बीमारी अधिक है। इससे बचने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने सभी बीडीओ, बीईओ व प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। कार्यशाला में डीपीआरओ शशिकांत पांडेय, डीआईओएस सोमारु प्रधान, बीएसए अरङ्क्षवद कुमार पाठक, सीएमओ डॉ.राजेंद्र कपूर, डीडीओ सुदामा प्रसाद, खेल अधिकारी फरीदा सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।