शोहरतगढ़ में जलाभिषेक करने जाते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सावन के प्रथम सोमवार पर बुद्ध भूमि हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। शिवालयों में भक्तों की कतार लगी रही। फल-फूल, दूध-जल, वेलपत्र चढ़ाकर बाबा भोलेनाथ की आराधना की और कृपापात्र बनाने की कामना की। देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा।
सोमवार की अलसुबह से भक्तों की भीड़ शिवालयों की ओर बढने लगी थी। महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए बाबा का जलाभिषेक किया। नगर के सिंहेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। हाइड्रिल तिराहा, शिवपुरी कॉलोनी, जेल कॉलोनी, लुंबिनी रोड स्थित शिव मंदिरों में पूरे दिन दर्शन-पूजन का क्रम बना रहा।
भक्तों की भीड़ के चलते हर-हर महादेव के उद्घोष वातावरण में गूंजते रहे। इटवा के कटेश्वरनाथ महादेव, डुमरियागंज के भारतभारी, टेडिया बाजार के बाबा नागेश्वर नाथ सहित अन्य प्रमुख शिवमंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही।
शोहरतगढ़। सावन के प्रथम सोमवार को आसपास क्षेत्र के शिव भक्तों की टोली अलसुबह कांवर लेकर बानगंगा नदी पहुंची और जल कांवर में लेकर डीजे पर नाचते-थिरकते डोई नदी के तट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर पहुंच कर जलाभिषेक किया। क्षेत्र में छोटे-बड़े शिवालयों पर सुबह से ही भगवान भोले शंकर के भक्त दूध, अच्छत, बेल पत्री, बेर, फूल, शहद, चंदन आदि लेकर विधि विधान से जलाभिषेक कर पूजा में तल्लीन रहे।
भक्तों ने परिवार व क्षेत्र के खुशहाली की मनोकामना भगवान शंकर से की। जगह-जगह कांवरियों का लोगों ने फूलों से स्वागत किया। हियुवा नेता सुभाष गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता कसौधन के आवास के सामने कांवरियों को जलपान करा कर स्वागत किया।