तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के झरुआ में जेसीसी क्रिकेट क्लब झरुआ के तत्वावधान में आयोजित तहसील स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के औदही कला व पैकी की टीम अपने मैच जीत कर सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही।
पैकी की टीम ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीबी की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाया। जवाब में रोमांचक मुकाबले में पैकी की टीम ने भी आठ ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाकर मैच को टाई कर दिया। जिसके बाद हुए सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए पैकी ने एक ओवर में बिना विकेट खोए 20 रन बनाया।
जवाब में नीबी की टीम एक ओवर में एक विकेट के नुकसान पर मात्र 18 रन ही बना पाई। दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच खुनुवां व औदही कला के बीच खेला गया। जिसमें खुनुवां ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाया। जवाब में औदही कला ने एकतरफा मुकाबले में सातवें ओवर में पांच विकेट से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाया। इस दौरान ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप जायसवाल, जेसीसी अध्यक्ष नूर मोहम्मद, अजहर अली, धर्मेंद्र जायसवाल, विनय जायसवाल, राजेन्द्र चौधरी, उमाशंकर, मनीष, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।