विजेता टीम इटवा के खिलाड़ी को पुरस्कृत करते आयोजक। स्रोत विज्ञप्ति
इटवा। तहसील क्षेत्र के ग्राम पिपरा मुर्गिहवा में सलामी स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब इटवा की टीम ने करही को हराकर अपने नाम कर लिया। सोमवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने एक-एक रन के लिए संघर्ष किया और दर्शकों को रोमांचक मैच देखने को मिला।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद ग्राम प्रधान मोहम्मद इसराइल खान और आयोजकों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। फाइनल में करही खास की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 40 रन बनाए। जवाब में इटवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इटवा के खिलाड़ी अदनान करीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में इटवा ने परसा टिकुइया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में करही ने मेजबान पिपरा मुर्गिहवा को पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। संवाद