मस्टररोल 95 का निर्गत, मौके पर मिले 50 श्रमिक
सिद्धार्थनगर। सीडीओ पुलकित गर्ग ने बर्डपुर नंबर सात के संग्रामपुर में अमृत सरोवर निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान मस्टररोल निर्गत किए गए 95 श्रमिकों में से मौके पर सिर्फ 50 कार्य करते पाए गए। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले तकनीकी सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने और मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने बर्डपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर सात के ग्राम संग्रामपुर एवं ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर एक ग्राम के अलीगढ़वा में मनरेगा के तहत निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। सरोवर खुदाई में सीढ़ी, रिटर्निंग वाल, फेंसिंग व पौधरोपण का कार्य मनरेगा व ग्राम निधि से ग्राम पंचायत कराएगी। पाथ-वे, इंटरलॉकिंग, लाइटिंग, फलेग प्वाइंट आदि कार्य क्षेत्र पंचायत से कराया जाएगा। बर्डपुर नंबर सात के संग्रामपुर में कार्यस्थल पर सीआईबी बोर्ड नहीं लगा था।
महिला मेट नहीं लगाई गई थी। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम रोजगार सेवक को निर्देशित किया कि श्रमिकों के लिए जगह चिह्नित करके दिया जाए। उससे प्रतिदिन कितना कार्य हुआ है, ज्ञात हो सकेगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर एक के ग्राम अलीगढ़वा में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में श्रमिक नहीं मिले। बताया गया कि आज साप्ताहिक बाजार होने के कारण छुट्टी की गई है। यहां अमृत सरोवर का निर्माण धीमी गति से होने पर सीडीओ ने असंतोष जाहिर किया। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी एवं प्रधान से अमृत सरोवर का काम तीव्र गति से व गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। मौके पर खंड विकास अधिकारी नीरज जायसवाल सहित कई लोग उपस्थित थे।