-10 से अधिक चोरियों के खुलासा में पुलिस का छूट रहा पसीना
-त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में एक पखवाड़े में चोरों ने 50 लाख से अधिक की चोरी करके पुलिस को दी चुनौती
-चोरी वाले इलाके में नहीं हुआ है मोबाइल का प्रयोग ट्रेस करने में पुलिस बेचैन
-20 दिन के भीतर 15 चोरी करके निकल गए संदिग्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर/ भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में चोरों की धमक ने लोगों को जागने पर विवश कर दिया है। तबाड़तोड़ हुई 10 से अधिक चोरी की वारदात में 50 लाख रुपये से अधिक का सामान और नकदी चोर समेट चुके हैं। चोरी की वारदात का तरीका बता रहा है कि यह कोई बाहर का गैंग है, जो गाड़ी से आता है और वारदात को अंजाम देकर निकल जाता है।
सूत्रों की मानें तो यह गिरोह बहुत चालक है, क्योंकि जिस इलाके में चोरी हुई है, वहां रेडियस में संभावित समय में कोई ऐसा मोबाइल नंबर नहीं मिला है, जिसे ट्रेस किया जा सके। यह भी माना जा रहा है कि चोरी के वक्त चोर मोबाइल छोड़कर आते हैं, जिससे पकड़ में न आ सकें। वहीं, लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करने का दावा करने वाली पुलिस बेचैन है कि धरपकड़ नहीं हुई तो कहीं फिर न सिलसिला शुरू हो जाए।
वहीं, जिनके घर चाेरी हुई है वह परिवार इस उम्मीद में है कि चोरी का खुलासा हो जाए और उनका सामान मिल जाए।
-
एक नजर चोरी की वारदातों पर
-13 फरवरी की रात त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भनवापुर ब्लाॅक मुख्यालय पर स्थित सीडीपीओ कार्यालय व गोदाम का ताला तोड़ चोरों ने 101 गत्ता (1500 लीटर) तेल व 25 बोरी (12.5 क्विंटल) दाल गायब कर दी गई। सीडीपीओ संजय गुप्ता ने त्रिलोकपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी, मगर अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।
-24 मार्च को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के कठौतिया किशुन गांव निवासी राम फेर यादव के घर के पीछे सेंध काट कर चोरों ने सोने, चांदी के जेवरात सहित करीब दो लाख से अधिक कीमत का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने त्रिलोकपुर पुलिस को तहरीर दी, मगर पुलिस अब तक चोरों तक पहुंचने में नाकाम साबित हुई है।
-27 अप्रैल को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मन्नीजोत गांव निवासी राम करन के घर को निशाना बनाया गया। घर के पीछे की दीवार में सेंध काट कर चोर सूटकेस, बॉक्स आदि उठा ले गए, जिसे तोड़ कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब कर दिए। सुबह जब परिजनों को जानकारी हुई तो त्रिलोकपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, मगर अभी तक पुलिस इस वारदात में शामिल चोरों तक नहीं पहुंच सकी है।
-दो मई को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भीटानानकार गांव में चोरों ने मो. सलीम, अब्दुल मन्नान, अमीरूलाह व श्रवण के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने करीब सवा लाख नकदी समेत करीब नौ लाख से अधिक के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करते हुए वारदात के खुलासा की मांग की, मगर 36 घंटे बीत जाने के बाद भी केवल स्थल की जांच तक पुलिस सिमटी है।
-पांच मई को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मल्हवार व उज्जैनियां गांव में दो घरों को निशाना बनाया गया। चोरों ने दोनों घरों से करीब डेढ़ लाख नकदी समेत करीब आठ लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, मगर अभी तक चोरों का सुराग लगाने में पुलिस नाकाम साबित हुई है।
-
इसलिए बाहर के गिरोह के होने का संदेह
कुछ साल पहले बलरामपुर की पुलिस ने जिले में चोरी की कई वारदातों का पर्दाफाश किया था। इसमें सामने आया था कि एक गिरोह पश्चिमी यूपी से निकला है। उनके पास पिकअप मिली थी। पूछताछ में जानकारी मिली कि चोर पिकअप से आते थे। गांव के बाहर अंधेरे में उसी एक व्यक्ति के साथ खड़ा कर देते थे। इसके बाद चोरी किए और सामान समेट कर कम से कम 100 किलोमीटर निकल जाते थे। वह एक थाना क्षेत्र में कम से कम चार से पांच वारदात करते थे कि जब तक उस थाने की पुलिस चिढ़ न जाए। इसके बाद लगभग 150-200 किलोमीटर दूर दूसरे जनपद को टारगेट कर लेते थे। हो न हो इसी प्रकार का कोई मिलता जुलता गैंग वारदात को अंजाम दिया होगा।
-
कोट
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में हुए चोरी के घटना का खुलासा करने के लिए सर्विलांस के जरिए प्रयास किया जा रहा है, कई टीम लगी है, जल्द ही मामले का अनावरण किया जाएगा।
-बृजेश वर्मा, सीओ, डुमरियागंज