सिद्धार्थनगर मै सिंचाई संघ के बैनर तले ड्रेनेज खंड के एक्सईएन कार्यालय पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी जारी रहा। 17 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आंदोलनरत कर्मचारी विभागीय अफसरों की बेरुखी पर आक्रोशित दिखे।
शीघ्र मांगें पूरी न किए जाने पर आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी। राज्य कर्मचारी महासंघ ने भी धरनास्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।धरने में वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की ज्यादातर मांगें स्थानीय स्तर की हैं, मगर एक्सईएन के उपस्थित न होने से इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
अफसर मनमानी करते हुए नियम विरुद्ध नियुक्त मुंशी को नहीं हटा रहे। ईपीएफ, जीपीएफ, सर्विस बुक बनाने, तीन मार्च के आदेश का पालन नहीं कराया जा रहा। जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, कर्मचारी संघ चैन से नहीं बैठेगा।
धरना देने वालों में अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, नरेंद्र देव प्रसाद त्रिपाठी, रवीश अली, नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, राजकुमार श्रीवास्तव, अवधेश पांडेय, शिवकुमार साहू, रामसहाय, वीरेंद्र कुमार, कल्पनाथ, मुहम्मद सिद्दीक, अशोक कुमार श्रीवास्तव, रामलौट आदि मौजूद रहे।