सीएमओ ने किया स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का निरीक्षण
फोटो-64
स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का दिया निर्देश
कहा, बाहर से दवा न लिखें डॉक्टर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस की हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। शहर के आजादनगर वार्ड में आयोजित दिवस के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की गतिविधियों के साथ ही वार्डवासियों को दी गई सुविधाओं के बारे में विस्तत जानकारी ली। इस मौके पर सीएमओ ने कहा कि कार्य एवं दायित्व के प्रति लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के वार्ड आजादनगर में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस की सच्चाई जानने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके मिश्र ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को लगने वाले टीका, गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाली दवाओं के बारे में पूछताछ की। इससे पूर्व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन को लेकर कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ की। सीएमओ ने कहा कि आमजन की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ का भी निरीक्षण किया। यहां लेबर रूम, ओपीडी कक्ष, दवाओं के स्टोर, वैक्सीन रूम इत्यादि का मुआयना किया। उन्होंने साफ-सफाई बेहतर रखने के साथ ही बाहर से दवाओं के न लिखने की हिदायत दी। इन मौकों पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ चतुर्वेदी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत मौर्या, आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत अस्थाना, विश्व स्वास्थ्य संगठन के गुरफान अली व अनुराग शुक्ला आदि की उपस्थिति रही।