खुनुवां/कपिलवस्तु। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में आभूषण दुकानों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय चोरी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। दो और पाकिस्तानी नागरिकों इरफान अली (23 वर्ष) और सैफ उर रहमान (44 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मामले में दो पाकिस्तानी महिलाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय व्यापारियों और सुनार संघ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानों में जाती थीं और दुकानदारों को बातों में उलझाकर सोने के आभूषण चोरी कर लेती थीं। सूचना के आधार पर सक्रिय हुई पुलिस ने 13 अप्रैल को बीबी कलसुम (20 वर्ष) और शबाना (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया था।
मामले की गहन जांच के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान हुई। इसके बाद नेपाल पुलिस की विभिन्न इकाइयों के समन्वय से 18 अप्रैल को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से दो और पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में इरफान अली (23 वर्ष) और सैफ उर रहमान (44 वर्ष) शामिल हैं। सोमवार को कपिलवस्तु जिला न्यायालय ने दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न देशों की मुद्रा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद विदेशी मुद्रा में 17,136 अमेरिकी डॉलर, 325 सऊदी रियाल, 1,615 बांग्लादेशी टका, पांच यूएई दिरहम और 185 मलेशियाई रिंगिट शामिल हैं। इसके अलावा एक इंफिनिक्स मोबाइल और एक आईफोन 16 भी जब्त किया गया है।
जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु के सूचना अधिकारी, डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह नेपाल के अन्य जिलों में भी सक्रिय था। सुनसरी (इटहरी) में दो तोला से अधिक, मोरंग और बुटवल में एक तोला से अधिक तथा चितवन में तीन तोला से अधिक सोने की चोरी के मामलों से इनके संबंध पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।