खुफिया इनपुट के बाद सीमा पर सतर्कता बढ़ी
नेपाल के रास्ते जैश-ए-मोहम्मद के सात आतंकियों के घुसने की है सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सात आतंकियों के नेेपाल के रास्ते भारत में घुसने और अयोध्या में हमले का इनपुट मिलने के बाद नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई। सीमा पार से आने-जाने वालों पर विशेष निगाह रखी जा रही है।
जिले की 68 किलोमीटर की सीमा नेपाल से सटी है। यह पूरी तरह खुली हुई है। यहां बिना रोकटोक के कोई भी आ-जा सकता है। केंद्र सरकार द्वारा खुफिया इनपुट मिलने के यूपी सरकार को अलर्ट किए जाने के बाद सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ पुलिस विभाग ने चेकिंग और गश्त तेजी कर दी है।
गौरतलब है कुछ माह पूर्व नेपाल सीमा पर टेरर फंडिंग का खुलासा हुआ था। इसमें लखीमपुर, बहराइच होते हुए महाराजगंज तक 100 स्लीपिंग मॉड्यूल्स होने की बात सामने आई थी।
वहीं नेपाल के जरिये आतंकियों को आर्थिक मदद देने वाले गिरोह का खुलासा होने के बाद अब पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के मॉड्यूल्स के नेपाल सीमा पर सक्रिय होने के इनपुट खुफिया एजेंसियों को मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि हाल ही में नागरिकता संशोधन कानून व एनआरसी के विरोध में प्रदेश में हुई हिंसा में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया की संलिप्तता उजागर हुई है।
एसपी विजय ढुल ने बताया कि सीमा की सुरक्षा पर हमेशा ध्यान दिया जाता है। नवीन परिस्थितियोें को देखते हुए सीमा पर सुरक्षा एजेंसियाें और पुलिस टीम ने सतर्कता और बढ़ा दी है।