सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल के ककरहवा सीमा पर इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का जल्द ही निर्माण होगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा, व्यापार तथा लोगों की आवाजाही के साथ-साथ अनेक देशों से आने वाले बुद्धिस्ट पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।
ये बातें सांसद जगदंबिका पाल ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से लगातार मांग के बाद यह सुविधा हमारे जिले में मिली।
सांसद ने कहा कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट हो जाने से एक ही स्थान पर कई सरकारी एजेंसियों की मौजूदगी के कारण, यात्रियों और सामानों की जांच में लगने वाला समय कम हो जाएगा तथा व्यापार में बढ़ावा मिलेगा। इससे दोनों देशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा व्यापार में मजबूती मिलेगी। इतना ही नहीं एकीकृत चेक पोस्ट से सीमा सुरक्षा भी मजबूत होगी क्योंकि यहां सभी सुरक्षा एजेंसियां एक साथ काम करेंगी। एकीकृत चेक पोस्ट से जहां सीमा पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा वहीं व्यापारियों को इससे सीधा लाभ होगा।
इसके निर्माण और संचालन से आर्थिक गतिविधियां बढ़ेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।