सिद्धार्थनगर। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने शनिवार को सर्किल शोहरतगढ़ के समस्त प्रभारी निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के साथ गोष्ठी कर अपराध और विवेचनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और जनशिकायतों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। सीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विवेचनाएं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष ढंग से पूरी की जाएं और अभियुक्तों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके अलावा उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया और संबंधित मामलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखें।