संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के सिसवा चौराहे से तुलसियापुर चौराहे तक एनएच-730 पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं। मरम्मत के नाम पर इनमें केवल मिट्टी भर दी जाती है, जबकि इसी मार्ग पर गड्ढों की वजह से दो लोगों की जान जा चुकी है। क्षेत्रीय लोगों ने एनएच के अधिकारियों से सड़क पर बने गड्ढों को स्थायी रूप से भरावाने की मांग की है।
बढ़नी ब्लाॅक के सिसवा चौराहे से तुलसियापुर चौराहे के बीच सरयू नहर पर दो पुल बने हैं। सिसवा चौराहे के पश्चिम सुरही नाले के पास नहर पर बने पुल के दोनों ओर सड़क में गड्ढे बन गए हैं। इसमें एनएच के ठेकेदार ने मिट्टी भरकर पाट दिया है।
इन्हीं गड्ढों की वजह से 19 अक्टूबर 2023 को ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मनिकौरा के रहने वाले सबी पासवान (18) की बाइक अनियंत्रित होकर भट्ठे के पास खड़ी ट्रक में भिड़ गई और सबी की मौत हो गई।
इसके अगले दिन 20 अक्टूबर को इटवा थाना क्षेत्र के जोलहाभारी के रहने वाले रामानंद यादव की बाइक को अज्ञात वाहन ने सड़क पर बने गड्ढों के कारण अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके अगले दिन 21 अक्टूबर को बलरामपुर के पचपेड़वा निवासी पवन चौधरी व विनोद चौधरी दवा लेने सिद्धार्थनगर जा रहे थे।
वह पुल पर पहुंचे, गड्ढों से बचने के लिए अनियंत्रित होकर उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई, जिससे दोनों घायल हो गए। क्षेत्र के शाह मोहम्मद खान, मयंक शुक्ल, अशोक पासवान, मो.कलाम, सगीर चौधरी, राहुल शुक्ल, रामानंद चौहान ने बताया कि गोल्हौरा में टोल लेने में एनएचएआई तनिक भी हीलाहवाली नहीं करती तो सड़क के गड्ढों को क्या कोई दूसरा विभाग भरने आएंगे। उन्होंने सड़क के मरम्मत की मांग करते हुए लापरवाह ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।