सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को आईटीआई बसडिलिया का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान के विभिन्न कक्षों, प्रयोगशालाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों से संवाद कर उनकी उपस्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आईटीआई की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी प्रशिक्षण सत्र को ध्यान में रखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और समय बद्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रशिक्षण में आधुनिक उपकरणों और नई तकनीकों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे छात्र औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप दक्ष बन सकेंगे।
डीएम ने संस्थान का प्रचार-प्रसार बढ़ाने, अभिभावकों और छात्रों को जागरूक करने तथा उपलब्धियों को साझा करने पर भी बल दिया।