दुग्ध अवशीतन केंद्र का निरीक्षण, नाराजगी
अवशेष भुगतान का विवरण नहीं तैयार किया गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीडीओ पुलकित गर्ग ने दुग्ध अवशीतन केंद्र नौगढ़ का निरीक्षण शुक्रवार को किया। इस मौके पर मिली खामियों पर दुग्ध निरीक्षक को फटकार लगाई। भविष्य में कमियां मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिला मुख्यालय स्थित दुग्ध अवशीतन केंद्र पर अनियमितता की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग शुक्रवार को पहुंचे। उन्होंने दूध के परीक्षण प्रक्रिया एवं अन्य बिंदुओं पर सत्यापन किया। निरीक्षण में विकास खंड बढ़नी और शोहरतगढ़ के विभिन्न समितियों से एकत्र किए गए दूध की तौल कराकर उसका सीएलआर, एसएनएफ और फैट की मात्रा को जांचने की प्रक्रिया का गहनता से परीक्षण किया। केंद्र की ओर से प्राप्त दूध के सापेक्ष भुगतान एवं अवशेष भुगतान का विवरण नहीं तैयार किया गया था। प्रतिदिन विक्रय किए गए दूध एवं अवशेष दूध के संबंध में जानकारी ली। सीडीओ ने दुग्ध निरीक्षक को लैक्टोमीटर का पुन: परीक्षण कराकर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। समितियों से प्राप्त दूध, उसके भुगतान एवं अवशेष धनराशि का समिति वार पंजिका तैयार करने की हिदायत दी। निरीक्षण के समय दुग्ध निरीक्षक विनय मिश्र, गिरजेश और अन्य कर्मी मौजूद थे।