- सीएमओ ने उसका बाजार सीएचसी और नौगढ़ पीएचसी का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश
- दोनों केंद्रों पर दवाओं के रिकॉर्ड में भी खामियां, अधीक्षकों से मांगा गया स्पष्टीकरण
सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने निकले मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे के औचक निरीक्षण में बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसका बाजार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर बड़ी संख्या में डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। सीएमओ ने अनुपस्थित मिले नियमित और संविदा कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण लेने और कार्रवाई की संस्तुति के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सुबह 8:20 बजे सीएचसी उसका बाजार का औचक निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान बीपीएम मनीष पांडेय, बीएएम रमेश भाष्कर, बीसीपीएम कृष्ण मोहन पांडेय, एलए सोमनाथ, एलटी आशुतोष पांडेय, एसटीएलएस दिग्विजय पांडेय समेत कई चिकित्सक, पैरामेडिकल और अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डॉ. अजय भारती, डॉ. मुमताज अहमद, डॉ. सानिया सिद्दीकी, डॉ. प्रीति शुक्ला, डॉ. सुनील चौधरी, डॉ. सरिता और डॉ. ए.के. पांडेय समेत कई चिकित्सकों की भी गैरहाजिरी दर्ज की गई।
निरीक्षण में अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर अधीक्षक को तत्काल समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। एक वार्ड आया निर्मला देवी के काफी समय से अनुपस्थित रहने की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर कार्रवाई से अवगत कराने को कहा गया।
नौगढ़ पीएचसी में भी प्रभारी समेत छह कर्मचारी मिले अनुपस्थित
सीएमओ ने सुबह नौ बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप जायसवाल, डॉ. शकील अहमद, डॉ. विजय प्रताप लाल, डॉ. ज्योति यादव, बीसीपीएम रवि चौधरी और डीईओ शत्रुघ्न यादव अनुपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका की जांच में पाया गया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप जायसवाल नियमित रूप से पंजिका में हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे और उसका नियमित अवलोकन भी नहीं करते थे। सीएमओ ने उन्हें प्रतिदिन समय से उपस्थित होकर पंजिका में हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए। पीएचसी परिसर में भी गंदगी मिली।