कृषि मेले में दी गई किसानों को जानकारी
बांसी, मिठवल, खेसरहा, भनवापुर, डुमरियागंज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
किसान कल्याण मिशन कार्यक्रम के तहत लगा मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के बांसी, मिठवल, खेसरहा, भनवापुर, डुमरियागंज विकास खंड कार्यालयों पर बुधवार को किसान कल्याण मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय कृषि मेला एवं प्रदर्शनी तथा जागरूकता गोष्ठी आयोजित हुई। इस दौरान विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। लाभार्थीपरक योजनाओं के स्वीकृतिपत्र, प्रमाणपत्र और पुरस्कार वितरित किए गए।
बांसी प्रतिनिधि के मुताबिक विकास खंड बांसी, मिठवल, खेसरहा में आयोजित कृषि मेले के मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही किसानों को लाभ दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का पांच लाख तक का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि किसानों को दी जाने वाली अनुदान की धनराशि सीधे उनके खाते में प्रेषित की जाती है। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उप जिलाधिकारी जगप्रवेश, जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह, खंड विकास अधिकारी बांसी सुशील पांडेय आदि उपस्थित थे। भनवापुर प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक परिसर में किसान मेला, गोष्ठी और प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने किसान वीरबहादुर यादव, अमित मिश्रा, गोविंद और आरती देवी को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर भनवापुर खंड विकास अधिकारी धनंजय सिंह, सहायक खंड विकास अधिकारी लाले, प्रधान संघ अध्यक्ष हरिशंकर त्रिपाठी, ब्रह्मदेव पांडेय, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा, शत्रुघ्न मिश्रा, रामसंवारे भारती मौजूद थे। डुमरियागंज प्रतिनिधि के मुताबिक विकास खंड परिसर में संपन्न किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत कृषि प्रदर्शनी और मेला में विभागवार योजनाओं की जानकारी दी गई। विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में सात-सात किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड और मुख्यमंत्री आवास योजना का स्वीकृतिपत्र, दो मजदूरों को 100 दिन के रोजगार का प्रमाणपत्र, दो मजदूरों को मनरेगा व्यक्तिगत तालाब, दो-दो मजदूरों को बकरी और पशु शेड, दो किसानों को पंपसेट और एक किसान को रोटावेटर दिया गया। कार्यक्रम को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नरेंद्र मणि त्रिपाठी, बीडीओ सुशील कुमार अग्रहरि, डॉ. प्रदीप कुमार, सीडीपीओ रोमा सिंह आदि ने भी संबोधित किया।