खुनुवां। सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ एक भारतीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दवा कहां से लेकर आ रही थी और कहां आपूर्ति देनी थी।
जिला प्रहरी कार्यालय, तौलिहवा के सूचना अधिकारी डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को मर्यादपुर प्रहरी चौकी की टीम ने नियमित गश्त के दौरान यशोधरा ग्रामीण नगर पालिका-7 स्थित मर्यादपुर बाजार में पैदल जा रही एक संदिग्ध महिला की तलाशी ली। इस दौरान महिला के दाहिने कंधे पर टंगे बैग में काले प्लास्टिक के थैले में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित मादक पदार्थ के 65 कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कपिलवस्तु जिले के मायादेवी गांव पालिका वार्ड नंबर छह गांव डुमरा निवासी अनीता रैदास (25) के रूप में हुई है। नेपाल पुलिस ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध लागू औषध (नारकोटिक्स) संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। कपिलवस्तु जिला अदालत से सात दिन की न्यायिक हिरासत (रिमांड) प्राप्त कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध धंधे पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी लगातार जारी रहेगी।