मादक पदार्थ के साथ रुपये और सामान लूटने के मामले में दबोच चुकी है नेपाल पुलिस
सीमा से सटे नेपाल के चंद्ररौटा पुलिस के हाथ लगे बस्ती जनपद के दो बदमाश
जानकार बता रहे नेपाल में रिस्क है कम, इसलिए मूमेंट बढ़ने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीमा पर अभी तस्करी के ही मामले में भारतीय मूल लोग पकड़े जाते थे, लेकिन अब अपराध भी नेपाल में करने लगे हैं। मादक पदार्थ की तस्करी के साथ ही लूट और नशीली दवा खिलाकर सामान लेकर भागने के मामले में दबोचे जा चुके हैं। बस्ती जनपद के दो बदमाश दो पिस्टल और पांच कारतूस सहित कई प्रकार की दवाओं के साथ एक दिन पहले पकड़े गए हैं। अपराध नियंत्रण पर काम करने वाले पुलिस के जानकार यह बता रहे हैं कि पहला कारण है कि यहां अपराधियों की धरपकड़ और एनकाउंटर हो रहा है और दूसरा यह है कि हो सकता है कि नेपाल में जड़ जमा रहे हैं। वहीं, बस्ती के दो बदमाशों के पकड़े जाने के बाद नेपाल पुलिस अलर्ट मोड में है। पूछताछ में उनसे कई अहम जानकारी हाथ लगी है। लेकिन, अफसर उसपर कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब चेकिंग और बढ़ाई जाएगी, जिससे आपराधिक प्रवृति के लोग नेपाल में वारदात को अंजाम न दे सकें।
अपराध करके नेपाल में सामान बेचने और शरण लेने की बात आ चुकी है सामने
नेपाल में बदमाशों की धमक बढ़ने के पीछे एक और बड़ा कारण सामने आ चुका है। बाइक चोरी, लूट और घरों में चोरी करने के मामले में पकड़े गए अधिकांश मामलों में पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आ चुकी है कि वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल में ठौर बना लिए कि पकड़े न जाएं। जब लगता है कि अब मामला शांत हो गया होगा तो दूसरी वारदात को अंजाम देने के लिए फिर आए थे। पकड़े में आए इन बदमाशों के पास तमंचा भी बरामद होता है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जो बदमाश यहां वारदात को अंजाम देकर वहां शरण ले सकता है। वह वहां पर अपराध भी कर सकता है। क्योंकि अपराधी कब अपराध कर देते और उसका मूड बदल जाए, इसका कोई पता नहीं है। ऐसा अपराध का खुलासा कर चुके पुलिस अधिकारियों का मानना है।
जड़ जमा चुका था इस्माइल
जिले के मोस्टवांडेंट टॉप-10 माफिया में शामिल 50 से अधिक मुकदमे का वांक्षित राजू इस्माइल नेपाल में ही ठिकाना बनाया था। जो वर्ष 2017 के बाद से नेपाल में पांव जमा लिया। यहां के बदमाशों को शरण भी देता था, ऐसा पुलिस की पूछताछ में भी सामने आ चुका है। पकड़े गए एक गुर्गे ने पूछताछ में पुलिस को यह जानकारी भी दी थी। इसके अलावा अन्य कई बदमाश जो वांक्षित थे और पकड़े जाने के बाद नेपाल में रहने और वहां पर छोटा मोटा अपराध करने की बात स्वीकार चुके हैं।
छिनैती में पकड़े गए थे गोंडा के दो बदमाश
सीमा से नेपाल के भैरहवा में लगभग चार माह पहले दो बदमाश छिनैती के मामले में पकड़े गए थे, जिन्होंने पूछताछ में यह बताया था कि वह यूपी के गोंंडा जनपद के निवासी हैं। इनके अलावा बस में मादक पदार्थ सुंघाकर लूटने, छिनैती करने आदि के मामले में अपराधी पकड़े जा चुके हैं।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। क्योंकि उनके कब्जे से पिस्टल, कारतूस के अलावा इंजेक्शन आदि बरामद हुआ है। इरादे तो इनके खतरनाक थे, यह सही है। कुछ अहम जानकारी मिली है, जिस पर कुछ कहा नहीं जा सकता है, लेकिन चेकिंग तेज कर दी गई है। हर वाहन की गहनता से चेकिंग की जा रही है। इधर एक माह में यह पहला मामला है, इससे पहले भी भारतीय लोग अपराध में पकड़े गए हैं।
-नवरत्न पौडेल, एसपी कपिलवस्तु नेपाल