पीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर बढ़ी सतर्कता
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 जुलाई को मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने जिला मुख्यालय आ रहे हैं। पीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिले का जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण का क्रम जारी है। मंच, दर्शक दीर्घा, रूट डायवर्जन, सुरक्षा आदि बिंदुओं पर प्रतिदिन डीएम, एसपी समीक्षा कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय समेत प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 जुलाई को आएंगे। वह बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान उनकी सुरक्षा से लेकर अन्य इंतजामों को लेकर प्रशासनिक अमला दिन-रात जुट गया है। डीएम दीपक मीणा, एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
बृहस्पतिवार को डुमरियागंज के विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के समय डीएम, एसपी के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख भनवापुर के प्रतिनिधि लवकुश ओझा भी उपस्थित थे।
पीएम से पहले जायजा लेने आएंगे सीएम
प्रधानमंत्री के जिले में कार्यक्रम प्रस्तावित होने के बाद तैयारियों के बीच हकीकत जानने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कभी भी निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर समेत बीएसए ग्रांउड का निरीक्षण कर सकते हैं। इस दौरान वह कई बिंदुओं पर आला अधिकारियों से रू-ब-रू होंगे। सीएम के आने की भनक लगने के बाद प्रशासनिक अमला कदम-कदम पर एहतियात बरत रहा है।
कुंडली खंगाल रहीं सुरक्षा एजेंसियां
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। मेडिकल कॉलेज समेत बीएसए ग्राउंड के आसपास रहे रहे लोगों के बारे में विस्तार से जानकारी ली जा रही है। किस घर में शस्त्र हैं, यह जानकारी जुटाई जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को खोजा जा रहा है। आधार कार्ड होने की जानकारी जुटाई जा रही है।
नेपाल सीमा पर भी अलर्ट
नेपाल सीमा से सटे इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तैनात एसएसबी समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां दोनों देशों से आने-जाने वालों से गहनता से पूछताछ करते हुए उनकी सामग्रियों को चेक कर रही है।